Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

निगम के उद्यान अधिकारी के घर ईओडबल्यू का छापा

1 min read
Spread the love

उद्घोष समय न्यूज इंदौर

नगर निगम में उद्यान प्रभारी की कुर्सी संभालने के बाद अब सहायक उद्यान अधिकारी की हैसियत से कामकाज संभालने वाले चेतन पाटिल के घर और ऑफिस पर आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो की टीम ने छापा मारा है। निगम अधिकारी पर वित्तीय अनियमितता को लेकर होने वाली इस कार्रवाई से निगम में हड़कंप मच गया है।

नगर निगम में लंबे समय से उद्यान विभाग में पदस्थ चेतन पाटिल का कार्यकाल विवादों से घिरा हुआ है। कई बार उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितता की शिकायतें हुई, लेकिन निगमायुक्त की मेहरबानी से वह अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे, लेकिन इस बार राज्य आर्थिक अपराध अनुसंधान ब्यूरो ईओडबल्यू ने मंगलवार सुबह एकाएक चेतन पाटिल के आफिस और गुलमोहर स्थित घर पर छापा मार कर जांच शुरू कर दी है।

ईओडबल्यू की जांच से निगम अफसर सकते में आ गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार ईओडबल्यू की टीम सुबह निगम मुख्यालय पहुंची, जहां निगम अफसरों की मौजूदगी में चेतन पाटिल का कार्यालय सील किया गया। उसके बाद दल पाटिल के निवास पहुंचा और वहां जांच शुरू कर दी।

ऐसा माना जा रहा है कि चेतन पाटिल के पास बहुतायत में बेनामी संपत्ति मिल सकती है। ईओडबल्यू की कार्रवाई की खबर आग की तरह पूरे शहर में फैल गई। इससे निगम के आला अफसर भी सक्रिय हो गए।

लगातार फंस रहे अधिकारी
नगर निगम के अधिकारी इन दिनों हाशिये पर आ गए हैं। पहले नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की बात नहीं मानने से निगमायुक्त शिवम वर्मा सहित कई बिल्डिंग अधिकारी सुर्खियों में आए। उसके बाद शासन द्वारा एक साथ दर्जन भर से अधिक निगम अफसरों के तबादला आदेश जारी किए गए, इससे निगम में गहमागहमी बढ़ गई। अभी तबादलों का दौर थमा भी नहीं कि निगम उद्यान विभाग के सहायक उद्यान अधिकारी चेतन पाटिल के घर ईओडबल्यू का छापा पड़ने से निगम में फिर हड़कंप मच गया।

नेताओं से पैठ- चेतन पाटिल कोे मस्टरकर्मी होते हुए भी उद्यान विभाग का प्रभारी बना दिया गया था। मामले ने तूल पकड़ा, तो उसे हटा दिया गया। हालांकि निगमायुक्त ने उद्यान अधिकारी के रुप में नागेंद्र सिंह भदौरिया को जिम्मा सौंपा था, पर भदौरिया ने अपरोक्ष तौर पर चेतन पाटिल को पूरा कामकाज सौंप रखा था।

लेनदेन की शिकायतें- चेतन पाटिल के खिलाफ सैकड़ों पेड़ पैसे लेकर कटवाए जाने की शिकायतें निगमायुक्त तक पहुंची, लेकिन हर बार वह अफसरो की मेहरबानी से बच निकला, लेकिन इस बार ईओडबल्यू की छापेमारी से उसके पास आय से अधिक संपत्ति निकलने की चर्चाएं होने लगी है। समाचार लिखे जाने तक ईओडबल्यू की जांच जारी है।

इंदौर से जितेन्द्र सालवी की खास रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp