सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द: सीएम की सुरक्षा बढ़ी; सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के आदेश
1 min read
भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध के हालात बने हुए हैं। पिछले दो दिनों से पाकिस्तान लगातार ड्रोन और मिसाइल से भारत के सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है।
हालांकि पाकिस्तान की एक भी मिसाइल भारत को नुकसान नहीं पहुंचा पाई, क्योंकि भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने उसको नेस्तनाबुद कर दिया।
देशभर में सुरक्षा तनाव बढ़ने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने भी बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल के समत्व भवन में एक उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाई, जिसमें प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रदेश के हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। सभी विभाग अलर्ट मोड पर रहें।
नागरिक सुरक्षा सर्वोपरि
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक नागरिक सेवाओं जैसे कि स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और परिवहन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
सीएम ने यह भी आदेश दिया कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, कोई भी अधिकारी या फील्ड स्टाफ छुट्टी पर न जाए। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अफवाहों पर नियंत्रण
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही अफवाहों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और प्रचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन मजबूत करना
डॉ. मोहन यादव ने आपदा प्रबंधन, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में इजाफा
प्रदेश में हाई अलर्ट की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था को और भी सख्त कर दिया गया है। उनकी सुरक्षा में अब पोर्टेबल फोल्डआउट बैलिस्टिक शील्ड जैसी अत्याधुनिक तकनीक को शामिल किया गया है। यह शील्ड किसी भी हमले की स्थिति में तत्काल सुरक्षा प्रदान करती है।।
जितेन्द्र सालवी
ब्यूरो चीफ इंदौर
About The Author
















