November 23, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश!

1 min read
Spread the love


जांजगीर-चांपा। जिले में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों में देरी और लापरवाही अब संबंधित ठेकेदारों को भारी पड़ सकती है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। कार्य प्रारंभ करने में अनावश्यक देरी या धीमी प्रगति पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में कलेक्टर ने आगामी 1 से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक गांव एवं वार्ड में बच्चों और किशोरियों का चिन्हांकन कर उनके पोषण स्तर का आकलन करने, पोषण ट्रैकर ऐप में आवश्यक प्रविष्टियां करने तथा एनीमिया की जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित रूप से केंद्रों में उपस्थित रहने, हितग्राहियों के घर जाकर होम विजिट करने और महिलाओं एवं बच्चों का निर्धारित टीकाकरण कराने को कहा।


धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश:


समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी उपार्जन केंद्रों में 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने धान को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त तिरपाल और पानी निकासी के लिए उचित ड्रेनेज व्यवस्था रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।


चक्रवात प्रभावित किसानों को शीघ्र मिले मुआवजा:


कलेक्टर ने चक्रवात के बाद फसलों को हुए नुकसान की जानकारी लेते हुए कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को प्रभावित फसलों का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत शीघ्र राहत उपलब्ध कराने और फसल बीमा के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का जल्द निराकरण करने को कहा।


जांजगीर में निर्माण कार्यों का होगा निरीक्षण:


लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं हाउसिंग बोर्ड के अंतर्गत चल रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित कार्यों को तत्काल प्रारंभ करने तथा समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।


जिला मुख्यालय जांजगीर में चल रहे डिवाइडर निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के साथ ही यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने के निर्देश राजस्व, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग को दिए। ऑडिटोरियम में चल रहे मरम्मत कार्य को भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करेंगे।


आजीविका डबरी निर्माण को मिलेगी प्राथमिकता:


विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों के खेतों में आजीविका डबरियों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इससे ग्रामीण परिवारों को आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।


सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश:


बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं पारस पोर्टल पर विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए।


कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने और शिकायतों के समाधान का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए।


बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, श्री आर.के. तम्बोली, श्री प्रमोद गुप्ता, श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp