पुरुँगा विरोध की आग के बीच सामरसिंघा में नए कोयला खनन की आहट !
1 min read

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का सामरसिंघा क्षेत्र , जहां पहले से ही अदानी समूह के प्रस्तावित पुरुँगा कोल ब्लॉक के खिलाफ प्रखर जनविरोध की आग सुलग रही है, अब एक और बड़े कोयला अन्वेषण प्रोजेक्ट के चलते सुर्खियों में आ गया है। सामने आए आधिकारिक रिकॉर्ड से खुलासा हुआ है कि सामरसिंघा कोयला ब्लॉक में कोयले के भंडार का सटीक आकलन करने के लिए जी-1 चरण की ड्रिलिंग की तैयारी पूरी कर ली गई है। भारत सरकार के अधीन मिनी रत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की ओर से सीएमपीडीआई ने यह पूरा काम निजी एजेंसी मेसर्स साउथवेस्ट पिनेकल प्राइवेट लिमिटेड को आउटसोर्स किया है और इस परियोजना को ‘एग्जेम्प्टेड कैटेगरी’ यानी छूट प्राप्त श्रेणी में रखा गया है।

आधिकारिक विवरण के मुताबिक सामरसिंघा कोयला ब्लॉक का कुल रकबा 1605.0459 हेक्टेयर है, जिसमें से 1024.1518 हेक्टेयर गैर-वन भूमि और 580.8941 हेक्टेयर हिस्सा घने वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। कोयला खोज के इस अंतिम चरण में जंगल के भीतर कुल 34 बोरहोल खोदे जाने हैं, जिनमें से प्रत्येक बोरहोल का व्यास 4 इंच और औसत गहराई 480 मीटर तय की गई है। इस हिसाब से जंगल की छाती में कुल 16,320 मीटर की गहराई तक ड्रिलिंग की जाएगी और इस दौरान कोयला व गैर-कोयला श्रेणी के करीब 2,64,488 किलोग्राम नमूने एकत्र करने का अनुमान है।

जिस क्षेत्र में पहले से ही खनन परियोजनाओं को लेकर ग्रामीणों का भारी विरोध हो, वहां इस नए प्रोजेक्ट को लेकर पेश किए गए सरकारी दावे कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। रिकॉर्ड में दावा किया गया है कि प्रत्येक बोरहोल के लिए लगभग 1,000 वर्ग मीटर यानी 0.1 हेक्टेयर के हिसाब से 34 बोरहोल के लिए कुल 3.4 हेक्टेयर वन भूमि का उपयोग केवल दो वर्षों के लिए अस्थायी रूप से किया जाएगा। इन दावों में यह भी दर्ज किया गया है कि ‘स्लिम होल’ पद्धति से होने वाली इस ड्रिलिंग के दौरान न तो एक भी पेड़ काटा जाएगा, न ही कोई नई सड़क या रास्ता बनाया जाएगा और न ही वन भूमि के स्वरूप में कोई स्थायी बदलाव होगा।
इस पूरे घटनाक्रम में एक अहम पेंच वन मंजूरी की ऑनलाइन प्रक्रिया में भी सामने आया है। 580.8941 हेक्टेयर वन क्षेत्रफल से जुड़े इस मामले में सीएमपीडीआई के आवेदन पर संभागीय वन अधिकारी द्वारा ‘ईडीएस 1’ जारी किया गया था, जिसमें स्पष्ट किया गया कि अभी तक डीजीपीएस रिपोर्ट जमा नहीं की गई है और इस पर जवाब अभी भी प्रतीक्षित है।

पर्यावरण और स्थानीय मामलों के जानकारों का मानना है कि जी-1 चरण का अन्वेषण किसी भी कोयला खदान के आवंटन और उत्खनन से ठीक पहले का निर्णायक कदम होता है। ऐसे में पुरुँगा कोल ब्लॉक से जूझ रहे समरसिंघा के ग्रामीणों के लिए यह खबर किसी बड़े खतरे की घंटी से कम नहीं है। सीएमपीडीआई क्षेत्रीय संस्थान-5, बिलासपुर के अन्वेषण विभागाध्यक्ष और क्षेत्रीय निदेशक द्वारा प्रमाणित किए गए इस विवरण और वन विभाग की ओर से लंबित औपचारिकताओं के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारी-भरकम ड्रिलिंग मशीनें बिना सड़क बनाए और बिना पेड़ों को नुकसान पहुंचाए जंगल के भीतर 480 मीटर गहराई तक खुदाई कैसे करेंगी, डीजीपीएस रिपोर्ट की कमी के बीच प्रक्रिया की पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित होगी और क्या संवेदनशील वन क्षेत्र में चल रही इस कवायद की कोई स्वतंत्र निगरानी हो पाएगी।
Subscribe to my channel