बेमौसम बारिश और चक्रवात से किसानों की फसल बर्बाद, कांग्रेस प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने प्रशासन से की त्वरित मुआवजे की मांग
1 min read

रायगढ़ / धरमजयगढ़
रायगढ़ जिले में हाल ही में आए चक्रवाती तूफान और बेमौसम भारी बारिश के कारण ग्रामीण अंचलों में किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। खेतों में पककर तैयार खड़ी धान और अन्य फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की पुरजोर मांग उठाई है।

प्रवक्ता तारेन्द्र डनसेना ने जारी बयान में कहा कि कटाई के वक्त प्रकृति की इस अचानक मार से अन्नदाता पूरी तरह टूट चुका है और उनके सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। परिवार के भरण-पोषण और कर्ज चुकाने की चिंता किसानों को मानसिक रूप से परेशान कर रही है।

संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन और कृषि विभाग को तत्काल मैदानी स्तर पर उतरने की सख्त जरूरत है। कांग्रेस पार्टी ने मांग की है कि जिला प्रशासन बिना किसी विलंब के राजस्व, सहकारिता और कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करे। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर पारदर्शी सर्वे कराया जाए ताकि कोई भी पीड़ित किसान मुआवजे से वंचित न रहे।

पार्टी ने फसल हानि का आकलन कर शासन स्तर से तत्काल पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान करने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बिना किसी कागजी अड़चन के समय पर बीमा क्लेम दिलाने तथा इस प्राकृतिक आपदा को देखते हुए बैंकों और सहकारी समितियों के कर्ज़ की वसूली पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है।
तारेन्द्र डनसेना ने अंत में कहा कि अन्नदाता देश की रीढ़ हैं और कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में किसानों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द संवेदनशीलता दिखाते हुए उचित मुआवजा और राहत कार्य प्रारंभ करने की अपील की है।
Subscribe to my channel