मंदाकिनी तट पर संतों तक पहुंचा ग्रामोदय का सेवा-संदेशबाढ़ प्रभावित क्षेत्र में ग्रामोदय परिवार ने संत-महात्माओं को वितरित किए फल
1 min read

चित्रकूट- 3 सितंबर 2026 बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय का सेवा अभियान लगातार मानवीय संवेदना का संदेश दे रहा है। कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक विद्यार्थियों तथा विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने बाढ़ प्रभावित चित्रकूट क्षेत्र में स्वैच्छिक सेवा कार्य जारी रखा।
इसी क्रम में कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पांडेय के नेतृत्व में आज ग्रामोदय परिवार के सदस्य सतना-चित्रकूट मार्ग के निकट मंदाकिनी नदी के तट पर स्थित स्फटिक शिला से आरोग्य धाम घाट क्षेत्र तक पहुंचे। यहां तटवर्ती क्षेत्र में साधना एवं निवास कर रहे संत-महात्माओं से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना गया तथा उन्हें फल वितरित किए गए।

इस सेवा यात्रा में विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने बाढ़ की कठिन परिस्थितियों के बीच संत-महात्माओं तक पहुंचकर सेवा और संवेदना का परिचय दिया। संतों से संवाद के दौरान उनके साधना जीवन और वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी भी प्राप्त की गई।
ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सेवा अभियान के संयोजक एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमेश कुमार शुक्ला ने बताया कि कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे के निर्देशन में यह अभियान ग्रामोदय परिवार की सामूहिक सहभागिता से पूरे उत्साह के साथ संचालित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अपनी क्षमता के अनुसार स्वैच्छिक सेवा कार्यों में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

Subscribe to my channel