बिजुरी में गूंजेगा कान्हा का जयकारा, सजेगी भक्ति की रंगीन दुनिया
1 min read
4 सितंबर को निकलेगी भव्य श्रीकृष्ण शोभायात्रा, झांकियों-भजन और लोकनृत्य से कृष्णमय होगा नगर; आधी रात जन्मेंगे नंदलाल

अनूपपुर। बांसुरी की मधुर तान, कान्हा के जयकारों की गूंज और रंग-बिरंगी झांकियों से 4 सितंबर को बिजुरी का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय होने जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर बिजुरी में यादव समाज द्वारा भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। धर्म, आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के इस उत्सव में नगर की गलियां श्रीकृष्ण भक्ति के रंग में रंगती नजर आएंगी।
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला इकाई अनूपपुर के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लघु एवं कुटीर ग्रामोद्योग विभाग श्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नगर पालिका परिषद बिजुरी की अध्यक्ष श्रीमती साहबीन पनिका एवं उपाध्यक्ष श्रीमती स्मिता सतीश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वहीं नगर पालिका परिषद पसान के उपाध्यक्ष श्री अजय यादव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
शोभायात्रा में दिखेगी कृष्ण की लीलाओं की झलक
बिजुरी में दोपहर से ही उत्सव का रंग चढ़ना शुरू हो जाएगा। सामुदायिक भवन, हेलीपैड के पास, कोरजा मंदिर रोड, वार्ड क्रमांक 12 से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। दोपहर 12 बजे एकीकरण के बाद दोपहर 2 बजे भव्य शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण निकाला जाएगा।
शोभायात्रा में आकर्षक एवं नयनाभिराम झांकियां, भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेंगी। बाहर से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन में लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरेंगे। माना जा रहा है कि शोभायात्रा के दौरान पूरा बिजुरी नगर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठेगा।
भंडारे से लेकर रंगारंग कार्यक्रम तक, दिनभर उत्सव का माहौल
शोभायात्रा के पश्चात शाम 5 बजे भंडारे का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 6 बजे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जिसमें धार्मिक भावनाओं के साथ लोक कला और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
आयोजन का सबसे भावुक और आध्यात्मिक क्षण रात्रि 12 बजे आएगा, जब विधि-विधान और भक्ति भाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। आधी रात को जैसे ही ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंजेंगे, पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठेगा।
अमरकंटक भी बनेगा कृष्णमय
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास पवित्र नगरी अमरकंटक में भी देखने को मिलेगा। यहां फलाहारी आश्रम से सुबह 11 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा मां नर्मदा मंदिर में पूजन के बाद नगर भ्रमण करते हुए बस स्टैंड, थाना मार्ग से मेला मैदान पहुंचेगी, जहां मंचीय कार्यक्रम, वरिष्ठजनों का उद्बोधन, धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रसाद वितरण होगा।
भक्ति के साथ सामाजिक एकता का संदेश
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत का भी पर्व है। बिजुरी में होने वाला यह आयोजन इसी भावना को मजबूत करता नजर आएगा। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन संदेशों के साथ यादव समाज की परंपरा, लोक संस्कृति और सामाजिक भाईचारे की झलक भी आयोजन में दिखाई देगी।
यादव महासभा जिला अनूपपुर के अध्यक्ष रामचरण यादव सहित आयोजन समिति ने समाजजनों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
4 सितंबर को बिजुरी में सिर्फ जन्माष्टमी नहीं मनेगी, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का ऐसा रंग बिखरेगा, जिसमें पूरा नगर कान्हा की भक्ति में रंगा नजर आएगा।
Subscribe to my channel