धरमजयगढ़ में विकास का बड़ा खाका तैयार, 11 कार्यों के लिए ई-निविदा जारी
1 min read

सड़क, नाली, पाइपलाइन से लेकर आंगनबाड़ी भवन तक होंगे काम, 15 और 17 सितंबर तय की गई अंतिम तिथियां

धरमजयगढ़। नगर पंचायत धरमजयगढ़ में शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हुई है। नगर पंचायत कार्यालय द्वारा 25 अगस्त 2026 को जारी ई-प्रोक्योरमेंट निविदा आमंत्रण सूचना के तहत अलग-अलग वार्डों में कुल 11 विकास एवं सुविधा संबंधी कार्यों के लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
जारी निविदा के अनुसार नगर के कई वार्डों में पाइपलाइन विस्तार, आरसीसी नाली निर्माण, सीसी सड़क निर्माण, बीटी टैपिंग, आंगनबाड़ी भवन निर्माण सहित अन्य कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़क, जल निकासी और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना है।
निविदा में वार्ड क्रमांक 01, 09, 10 एवं 14 में पाइपलाइन विस्तार कार्य के साथ वार्ड क्रमांक 01, 03 एवं 08 में भी पाइपलाइन विस्तार कार्य शामिल किया गया है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 01, 02, 05, 06 एवं 11 में आरसीसी नाली निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 03, 04, 05 एवं 07 में सीसी रोड निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 12 में विनोद अग्रवाल के घर से गोकुल यादव के घर तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य भी निविदा में शामिल है। वहीं वार्ड क्रमांक 13, 14 एवं 15 में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 08, 09, 10 एवं 11 में भी सीसी सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।
निविदा में शहर के प्रमुख मार्गों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य भी शामिल है। साई मंदिर से पाल मेडिकल होते हुए गुड़िया घर से चौक, बैरियर चौक तक तथा साई मंदिर से शिव मंदिर तुर्रा तक बीटी टैपिंग कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 01 से 08 तक जोनल कार्य के लिए भी ई-निविदा आमंत्रित की गई है।
शहर में आंगनबाड़ी अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 02, 09, 10 एवं 11 में आंगनबाड़ी भवन निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित किया गया है। वहीं निविदा सूची में कुशल, अकुशल, अर्द्धकुशल एवं उच्च कुशल श्रमिकों के प्रदाय से संबंधित कार्य भी शामिल है।
15 और 17 सितंबर अंतिम तिथि
नगर पंचायत की सूचना के अनुसार अधिकांश विकास कार्यों के लिए ऑनलाइन निविदा डाउनलोड एवं जमा करने की अंतिम तिथि 17 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं जोनल कार्य तथा श्रमिक प्रदाय से संबंधित निविदाओं के लिए 15 सितंबर 2026 अंतिम तिथि रखी गई है।
नगर पंचायत द्वारा बताया गया है कि निविदा की सामान्य शर्तें, धरोहर राशि, विस्तृत निविदा विज्ञप्ति, निविदा दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक जानकारी ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध है।
नगर पंचायत के इन प्रस्तावित कार्यों के धरातल पर उतरने के बाद शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पाइपलाइन और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है। अब इन निविदाओं के बाद कार्यों का आवंटन और निर्माण की प्रक्रिया किस गति से आगे बढ़ती है, इस पर नगरवासियों की नजर रहेगी।
Subscribe to my channel