March 29, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

अमरकंटक में पत्रकार एकता का महासंगम, IFWJ की 28 एवं 29 मार्च की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक सम्पन्न । 

1 min read
Spread the love

यशपाल जाट अनुपपुर

22 राज्यों से पहुंचे पत्रकारों की ऐतिहासिक भागीदारी, अधिकार और सुरक्षा को लेकर बुलंद हुआ स्वर

अमरकंटक (मध्य प्रदेश), 29 मार्च।

मां नर्मदा की पावन उद्गम स्थली अमरकंटक एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की ऐतिहासिक गतिविधि का साक्षी बना, जहां इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) की 144वीं राष्ट्रीय कार्यसमिति की 28 एवं 29 मार्च को आयोजित दो दिवसीय बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस आयोजन में देश के 22 राज्यों से आए पत्रकारों ने सहभागिता कर पत्रकार एकता का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां नर्मदा उद्गम स्थल पर विधि-विधान से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पारंपरिक भारतीय संस्कृति के अनुरूप अंगवस्त्र, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान “पत्रकार एकता जिंदाबाद”, “भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ जिंदाबाद” एवं “राष्ट्रीय अध्यक्ष जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा अमरकंटक गूंज उठा।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अनूपपुर विधायक खुंदेलाल तथा कल्याण सेवा आश्रम के प्रमुख की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल आयोजन शहडोल संभाग इकाई के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देशभर से आए पत्रकारों के कारण अमरकंटक के आश्रमों, होटलों और अतिथि गृहों में अभूतपूर्व चहल-पहल देखने को मिली। आयोजन के दौरान पत्रकारों को मां नर्मदा की भव्य महाआरती में शामिल होने का अवसर मिला, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।

प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र गौतम ने अपने संबोधन में संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन की मजबूती और पत्रकारों की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया।

वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में पत्रकारों को देवर्षि नारद एवं वीर हनुमान की उपमा देते हुए कहा कि पत्रकार समाज का मार्गदर्शक होता है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून (Journalist Protection Act) लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया और इसके लिए सभी पत्रकारों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।

बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान तथा विभिन्न राज्यों में संगठन को सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन्हें संगठन की आगामी कार्ययोजना में शामिल करने पर सहमति बनी।

अमरकंटक की पावन धरा से निकला यह आयोजन केवल एक बैठक नहीं, बल्कि देशभर के पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए एक मजबूत संकल्प के रूप में उभरा है। यह आयोजन आने वाले समय में पत्रकार आंदोलन को नई दिशा देने का कार्य करेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp