जशपुरनगर, 26 मार्च 2026: जशपुर वनमण्डल के परिक्षेत्र पत्थलगांव अंतर्गत ग्राम तिलडेगा क्षेत्र में हाथियों के दल के विचरण के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई, जिसमें वन विभाग की तत्परता से दो बुजुर्गों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
डीएफओ जशपुर श्री शशिकुमार ने बताया कि 24 मार्च 2026 की दरम्यानी रात को 11 हाथियों का एक दल कक्ष क्रमांक पी.एफ. 959 नंदन झरिया क्षेत्र में सारसमार एवं नंदन झरिया होते हुए तिलडेगा बस्ती के समीप पहुँच गया। इस दौरान हाथियों ने तिलडेगा भदरापारा निवासी श्री जय कुमार नाग (40 वर्ष) के खेत में बने आवासीय घर को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।
उस समय घर के अंदर उनके माता-पिता श्री बितन नाग (65 वर्ष) एवं श्रीमती राजमति नाग (60 वर्ष) मौजूद थे। हाथियों की आहट सुनकर श्री जय कुमार नाग किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुँचे और तुरंत वन विभाग के गश्ती दल एवं रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँच कर तत्काल साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।