Recent Posts

March 10, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

श्रमजीवी पत्रकार संघ अंबाह की बैठक में कई मुद्दों पर मंथननिर्भीक व निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पत्रकारों ने लिया संकल्प, आकाश शुक्ला के पुनः ब्लॉक अध्यक्ष बनने पर साथियों ने दी बधाई

1 min read
Spread the love

रामकिशन सिंह उद्घोष समय न्यूज़ समाचार अम्बाह

अंबाह। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ब्लॉक इकाई अंबाह की बैठक स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित हुई। बैठक का आयोजन पत्रकार आकाश शुक्ला के पुनः ब्लॉक अध्यक्ष निर्वाचित होने के अवसर पर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के संभागीय अध्यक्ष सतेंद्र परमार, जिलाध्यक्ष प्रशांत शर्मा एवं जिला महासचिव अजय दंडोतिया ने की। कार्यक्रम का सफल संचालन संगठन के जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र शर्मा ने किया। बैठक में अंबाह क्षेत्र के आधा सैकड़ा से अधिक पत्रकार साथियों ने भाग लिया।बैठक में पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें पत्रकारों के लिए भूखंड की मांग, सदस्यता अभियान को मजबूत बनाने, प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने सहित संगठन को और सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

साथ ही समाज में घटित हो रही विभिन्न घटनाओं और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, भ्रष्टाचार, अपराध, बाल एवं महिला उत्पीड़न और अत्याचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी।

जिला अध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करता है, इसलिए पत्रकारों की भूमिका अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण और चुनौतीपूर्ण है। संभागीय अध्यक्ष सतेंद्र परमार ने अपने संबोधन में कहा कि

संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करता है और संगठन की मजबूती ही पत्रकारों की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि एकजुट होकर ही पत्रकार अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकते हैं। इस अवसर पर पुनः ब्लॉक अध्यक्ष चुने गए आकाश शुक्ला ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार का दायित्व है कि वह बिना किसी दबाव के सच्चाई को सामने लाए और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए।

आकाश शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन एकजुट होकर और निष्पक्षता के साथ कार्य करते हुए हम लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को बनाए रख सकते हैं। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से संगठन को मजबूत करने और समाज से जुड़े मुद्दों को निर्भीकता के साथ उठाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों ने एक स्वर में भारतीय लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में निर्भीक, निष्पक्ष और अडिग रहकर पत्रकारिता करने का संकल्प लिया तथा संगठन को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।

इस अवसर पर उपस्थित पत्रकार साथियों ने पत्रिका संवाददाता आकाश शुक्ला को श्रमजीवी पत्रकार संघ अंबाह का पुनः ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि आकाश शुक्ला की सच्चाई की कलम, बेबाक आवाज़ और निर्भीक पत्रकारिता की पहचान हमेशा जनहित में समाज को दिशा देती रही है। सभी ने ईश्वर से कामना की कि उनकी कलम यूं ही निडर होकर सच लिखती रहे और अन्याय के खिलाफ बुलंद होती रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp