रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ नगर में पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने कर्तव्य के साथ संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक लावारिस वृद्ध महिला के शव का विधिवत अंतिम संस्कार कराया।
शुक्रवार को नगर के पीपरमार मोहल्ले स्थित कचरा गोदाम के पास एक अज्ञात वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद जानू सिदार तथा सुरेश राठिया भी तत्काल घटनास्थल पहुंचे और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। मृतका की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार महिला पिछले कुछ दिनों से नगर में इधर-उधर घूमती देखी जा रही थी तथा उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी। पहचान नहीं होने के कारण शव लावारिस की श्रेणी में था। ऐसे में पुलिस और पार्षदों ने मानवीय पहल करते हुए कफन-दफन की समुचित व्यवस्था कर विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया और मृत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पहचान के प्रयास भी जारी हैं। इस घटना ने यह संदेश दिया कि प्रशासनिक दायित्वों के साथ मानवीय संवेदनाएं भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी हैं।