संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा। उदघोष समय न्यूज़, 28 फरवरी 2026।
जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी सफल कार्रवाई की है। थाना अकलतरा पुलिस ने देर रात हाईवे पर विशेष दबिश देकर 14 हाइवा वाहनों को रेत से लदे हालत में पकड़ा और मौके पर ही जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में अंजाम दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा एवं अकलतरा पुलिस टीम ने रणनीतिक रूप से ऑपरेशन चलाया, जिसमें सभी वाहन अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पाए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब्त वाहनों के चालकों एवं मालिकों के खिलाफ गौण खनिज अधिनियम (Minor Mineral Act) के अंतर्गत तथा अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। जिले में अवैध खनन माफिया के खिलाफ यह अभियान तेजी से जारी है और पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ऐसे अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण, नदी तटों की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस सजगता की सराहना की है।