February 26, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

थाना अकलतरा पुलिस की बड़ी सफलता: अंतर्राज्यीय लूट गिरोह के 5 कुख्यात आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों की लूट में प्रयुक्त चोरी की इक्को कार बरामद

1 min read
Spread the love

संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ, जांजगीर-चांपा।    उदघोष समय न्यूज़, 25 फरवरी 2026।


जांजगीर-चांपा।   जिले के थाना अकलतरा पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय संगठित लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह ने बिलासपुर शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स से 16-17 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात में सोने-चांदी के आभूषणों एवं नगदी सहित करोड़ों रुपये (अनुमानित 3 से 5 करोड़) की सनसनीखेज लूट की थी।


पुलिस जांच में पता चला कि लूट में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति इक्को कार (क्रमांक CG 13 N 0999) थाना अकलतरा क्षेत्र के अमलीपाली से चोरी की गई थी। कार मालिक दुष्यंत (निवासी अमलीपाली) ने 16-17 फरवरी की रात चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी (अपराध क्रमांक 95/2026, धारा 303(2), 112(2) बीएनएस)। जांच के दौरान इंजन एवं चेसिस नंबर के मिलान से इस कार को बिलासपुर के लूट मामले (अपराध क्रमांक 219/2026, बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट) से जोड़ा गया।


गिरफ्तारी का क्रम:
बिलासपुर पुलिस की सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस (मिर्जापुर) ने आरोपियों की घेराबंदी की। मिर्जापुर क्षेत्र में शॉर्ट एनकाउंटर हुआ, आरोपियों को मिर्जापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपियों को छत्तीसगढ़ लाकर थाना अकलतरा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें लूट की पूरी साजिश उजागर हुई। वर्तमान में सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर हैं।


गिरफ्तार आरोपी (सभी अंतर्राज्यीय):


1. विजय लाम्बा (52 वर्ष), ओम विहार, उत्तम नगर, द्वारका, उत्तर दिल्ली – मास्टरमाइंड, कई राज्यों में 67 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज।


2. विनोद उर्फ बिनू प्रजापति (33 वर्ष), गणेश चौक, जमुना कालरी, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश)।


3. करीम खान (23 वर्ष), पुरानी बस्ती, थाना बारादरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश)।


4. इरफान अली, झलमला (टिकरीपारा), थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।


5. मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित गुड़वा, सेक्टर 115, सोरठा, थाना सेक्टर 113, गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश)।


गिरोह ने लूट के लिए पहले अंबिकापुर से एक मोटरसाइकिल और अकलतरा से इक्को कार चुराई थी। वारदात के बाद दोनों वाहनों को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए थे।


यह कार्रवाई एसडीओपी अकलतरा श्री प्रदीप कुमार सोरी के कुशल नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय (पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार) एवं उनकी टीम की सतर्कता एवं तकनीकी जांच से संभव हुई। इस सफलता से अंतर्राज्यीय अपराधियों के नेटवर्क को गहरा झटका लगा है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp