टालमटोल के बीच अपील की तैयारी, मामला उच्च स्तर तक ले जाने का निर्णय
1 min read

धरमजयगढ़ – वनपरिक्षेत्र बाकारुमा में संचालित वृक्षारोपण योजनाओं को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत हाल ही में मांगी गई जानकारी के जवाब में सम्बंधित द्वारा सीमित और आंशिक विवरण उपलब्ध कराए जाने से अब मामला उच्च स्तर तक पहुंचने की तैयारी में है।
सूत्रों के अनुसार आवेदक ने बीते वर्षों में संचालित वृक्षारोपण कार्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी के साथ-साथ वित्तीय व्यय और कार्य की वर्तमान स्थिति जानने का अनुरोध किया था। विभाग की ओर से एक योजना से जुड़ा संक्षिप्त विवरण उपलब्ध कराया गया, जबकि अन्य संबंधित कार्यों के संबंध में अलग प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी गई।
उपलब्ध कराए गए आंकड़ों में स्वीकृत राशि और व्यय का कुल योग तो दर्शाया गया है, किंतु भुगतान की प्रकृति, मदवार विवरण और कार्य की विस्तृत प्रगति पर स्पष्टता नहीं होने से स्थानीय मामले में आशंकएँ गहरा गई हैं । जानकारों का कहना है कि सार्वजनिक धन से संचालित योजनाओं में केवल समेकित आंकड़े पर्याप्त नहीं होते, बल्कि व्यय की स्पष्टता और जवाबदेही भी आवश्यक है।
स्थल निरीक्षण को लेकर भी स्पष्ट तिथि निर्धारित न किए जाने से असंतोष की स्थिति बनी हुई है। प्रशासनिक प्रक्रिया का हवाला दिए जाने के बीच अब आवेदक ने प्रथम अपील दायर करने और मामले को मुख्य वन संरक्षक सहित अन्य उच्च वन अधिकारियों के समक्ष रखने की तैयारी कर ली है।
जानकारों का मानना है कि यदि अपील स्तर पर संतोषजनक समाधान नहीं मिलता है तो मामला आगे भी बढ़ सकता है। फिलहाल निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग विस्तृत जानकारी सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करता है या विवाद और गहराता है।
Subscribe to my channel