Recent Posts

February 15, 2026

Udghosh Samay News

खबर जहां हम वहां

किदा पंचायत में डबरी निर्माण पर बड़ा खेल! कागज़ों में मजदूरी, ज़मीन पर सन्नाटा !

1 min read
Spread the love


धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत किदा में मनरेगा के तहत स्वीकृत डबरी निर्माण कार्य में बिना काम शुरू किये मस्टर रोल भरे जाने की बात सामने आ रही है । वर्ष 2024 में स्वीकृत डबरी निर्माण के लिए कई मस्टर रोल भरे जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि संबंधित हितग्राही साफ तौर पर कह रहा है कि खेत में पानी भरे होने के कारण कार्य शुरू ही नहीं हुआ।
हितग्राही का कहना है, “मेरे खेत में आज तक डबरी की खुदाई शुरू नहीं हुई। यदि बिना काम के मस्टर रोल भरे गए हैं तो यह सीधी जांच का विषय है।” सवाल यह है कि जब स्थल पर काम नहीं हुआ तो फिर मजदूरी किस आधार पर दिखाई गई? क्या कागज़ों में ही निर्माण पूरा किया जा रहा है?
हैरानी की बात यह भी है कि संबंधित रोजगार सहायक और पंचायत सचिव इस मामले में कोई स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पूरे मामले को और संदिग्ध बना रही है।
दूसरे हितग्राही ने बताया कि स्थल चयन न होने के कारण उसके यहाँ भी डबरी निर्माण शुरू नहीं हो सका है। हालांकि उसके नाम से हाजिरी दर्ज नहीं की गई है। उसने यह भी स्वीकार किया कि गाँव में अधिकांश डबरी निर्माण कार्य जेसीबी मशीन से कराए जाते हैं और जब उसके यहाँ काम शुरू होगा तो वह भी मशीन से खुदाई कराएगा। यह बयान अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।
उल्लेखनीय है कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत संचालित कार्य श्रम-प्रधान होते हैं। इस योजना का मूल उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार देना है, न कि मशीनों के माध्यम से कार्य कराकर मजदूरों को काम से वंचित करना। नियमों के अनुसार मशीनों का उपयोग प्रतिबंधित या अत्यंत सीमित है। इसके बावजूद यदि जेसीबी जैसी मशीनों से खुदाई कराई जा रही है, तो यह योजना की आत्मा पर सीधा प्रहार माना जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[join_button]
WhatsApp