डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल धरमजयगढ़ में परीक्षा पूर्व हवन एवं कक्षा 12वीं का विदाई समारोह सम्पन्न
1 min read

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, धरमजयगढ़ में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा को दृष्टिगत रखते हुए परीक्षा पूर्व हवन एवं विदाई समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के उत्तम परीक्षा परिणाम एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ विधिवत हवन संपन्न हुआ।

विदाई समारोह के दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय में बिताए गए अपने अनुभव, सीख और स्मृतियों को भावुक शब्दों में साझा किया। इस अवसर को यादगार बनाने हेतु कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा विविध सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थितजनों ने सराहा।
विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक के साथ-साथ सांस्कृतिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। विद्यालय के शिक्षकगण प्रत्येक छात्र पर व्यक्तिगत ध्यान देते हुए उन्हें उनकी क्षमताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास करते हैं।
प्रतिवर्ष इस विद्यालय से अनेक होनहार विद्यार्थी निकलकर न केवल विद्यालय बल्कि संपूर्ण धरमजयगढ़ क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। विद्यालय के पूर्व छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में ऊँचाइयों को प्राप्त कर सफलता का नया आयाम स्थापित कर चुके हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री सुरेंद्र सिंह जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्भीक, निडर एवं आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया तथा परिणाम की चिंता छोड़कर सकारात्मक चिंतन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
Subscribe to my channel