ब्रेकिंग न्यूज़: एसीबी की बड़ी कार्रवाई: पामगढ़ में अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
1 min read
संवाददाता : जिला ब्यूरो चीफ जांजगीर-चांपा। उदघोष समय न्यूज़, 4 फरवरी 2026।
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने आज बड़ी सफलता हासिल की है। एसीबी ने अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष कुमार ध्रुव को 35,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
मामले की पूरी जानकारी इस प्रकार है:
धान उपार्जन केंद्र चोरभट्टी के प्रभारी धीरेन्द्र कुमार कौशिक ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज की थी। शिकायत में आरोप था कि अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर ने केंद्र का निरीक्षण कर कुछ खामियां बताते हुए रिपोर्ट बड़े अधिकारियों तक न पहुंचाने के बदले 30-40 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने पटवारी आयुष कुमार ध्रुव से भी अलग से बात करने को कहा, जिन्होंने भी अतिरिक्त पैसा मांगा।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार किया और एसीबी को सूचित कर ट्रैप लगवाया। आज 4 फरवरी 2026 को तय योजना के तहत 35,000 रुपये की राशि देने पर पटवारी ने इसे स्वीकार किया। जैसे ही रकम हाथ लगी, एसीबी की टीम ने मौके पर दोनों को दबोच लिया। रिश्वत की पूरी राशि पटवारी आयुष ध्रुव से बरामद की गई।
पामगढ़ तहसील कार्यालय में यह कार्रवाई होने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और आम लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसीबी द्वारा दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
एसीबी बिलासपुर के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार ट्रैप अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी लोकसेवक द्वारा रिश्वत मांगी जाए तो तुरंत एसीबी को सूचित करें।
Subscribe to my channel