एकेएस यूनिवर्सिटी, सतना के विद्यार्थियों का खाद्य उद्योग में चयन
1 min read

सतना। एकेएस यूनिवर्सिटी, सतना के फूड टेक्नोलॉजी विभाग के विद्यार्थियों ने एक बार फिर विश्वविद्यालय की सशक्त शैक्षणिक और प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रमाणित किया है। बी.टेक फूड टेक्नोलॉजी (पासआउट बैच–2026) के छात्र दिनेश कोरी और अनिकेत सिंह का चयन देश की प्रतिष्ठित खाद्य उत्पादक कंपनी बिकानेरवाला फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में क्वालिटी ऑडिट ट्रेनी के पद पर हुआ है। दोनों विद्यार्थियों की कार्यस्थल तैनाती कानपुर में होगी। बिकानेरवाला फूड्स प्राइवेट लिमिटेड देश की अग्रणी खाद्य कंपनियों में शामिल है, जो पारंपरिक मिठाइयों, नमकीन, रेडी-टू-ईट एवं आधुनिक प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के लिए जानी जाती है। गुणवत्ता, स्वच्छता और मानकीकरण इसकी प्रमुख पहचान है।
क्वालिटी ऑडिट ट्रेनी के रूप में चयनित विद्यार्थियों की जिम्मेदारी उत्पादन इकाइयों में खाद्य गुणवत्ता मानकों का परीक्षण, सुरक्षा नियमों का अनुपालन, आंतरिक गुणवत्ता ऑडिट तथा उत्पादों की निरंतर गुणवत्ता सुनिश्चित करना होगी। यह भूमिका खाद्य उद्योग में व्यावहारिक अनुभव और पेशेवर विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर अनंत कुमार सोनी, डीन डॉ. अशोक कुमार भौमिक, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रमुख बालेंद्र विश्वकर्मा तथा प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट समन्वयक मनोज सिंह ने विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस चयन प्रक्रिया में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट समन्वयक प्रो. प्रफुल्ल गौतम की विशेष भूमिका रही। उद्योग से समन्वय, विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और सतत प्रशिक्षण के माध्यम से उन्होंने इस सफलता को संभव बनाया, जिसके लिए उनकी सराहना की गई।
एकेएस यूनिवर्सिटी, सतना की प्लेसमेंट व्यवस्था निरंतर सुदृढ़ हो रही है। उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण, कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण विश्वविद्यालय के विद्यार्थी प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित हो रहे हैं, जो विश्वविद्यालय की विश्वसनीयता और अकादमिक उत्कृष्टता का प्रमाण है।
Subscribe to my channel