सतना जिला क्रिकेट संघ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एडहॉक कमेटी गठित
1 min read
सतना।
सतना जिला क्रिकेट संघ (Satna District Cricket Association) में क्रिकेट गतिविधियों को सुव्यवस्थित करने एवं प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। संघ की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए पुरानी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
जिला क्रिकेट के सुचारु संचालन के लिए एडहॉक कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में विकल्प सिंह, राजेश कैला, रतन श्रीवास्तव, रोहित पंडित एवं संजीव दुआ को सदस्य नियुक्त किया गया है। गठित एडहॉक कमेटी को सतना जिले में क्रिकेट से जुड़ी समस्त गतिविधियों की पूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एडहॉक कमेटी जिला स्तर पर आयोजित होने वाले क्रिकेट मैचों, खिलाड़ियों के ट्रायल, चयन प्रक्रिया (सेलेक्शन), अभ्यास सत्र, टूर्नामेंट आयोजन एवं प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करेगी। कमेटी का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी चयन और आयोजन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं खिलाड़ियों के हित में हों।
इसके अतिरिक्त संघ ने अनुशासनहीनता, संघ की गरिमा के विरुद्ध कार्य एवं नियमों के उल्लंघन के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए राजेश शुक्ला एवं आनंद सिंह को तीन वर्षों की अवधि के लिए निलंबित कर दिया है। इस दौरान दोनों किसी भी प्रकार की क्रिकेट या संघ संबंधी गतिविधियों में भाग नहीं ले सकेंगे।
संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय सतना जिले में क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करने, युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को समाप्त करने के उद्देश्य से लिया गया है। एडहॉक कमेटी शीघ्र ही आगामी क्रिकेट सत्र की रूपरेखा, ट्रायल की तिथियां एवं अन्य आवश्यक कार्यक्रमों की घोषणा करेगी।
Subscribe to my channel