धर्मनगरी चित्रकूट- की जीवनदायिनी मां मंदाकिनी नदी वर्तमान में प्रशासन की लापरवाही और सीवर परियोजना की विफलता के कारण प्रदूषण का शिकार हो रही है। क्षेत्र में बीते कई वर्षों से सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक यह कार्य पूर्ण नहीं हो सका है और न ही घरों के कनेक्शन सही ढंग से किए गए हैं। इस अधूरेपन का खामियाजा पवित्र मंदाकिनी नदी को भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि शहर का गंदा पानी सीवर लाइन के माध्यम से ट्रीटमेंट प्लांट में जाने के बजाय निरंतर सीधे नदी में प्रवाहित हो रहा है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि जिस नदी की शुचिता बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए थी, वहीं वर्षों से गंदगी का अंबार लग रहा है और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का समाधान निकालने में विफल साबित हो रहे हैं।