पीएम श्री सेजेस धरमजयगढ़ में सांस्कृतिक प्रदर्शनी व भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न
1 min read

पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस), धरमजयगढ़ में सांस्कृतिक प्रदर्शनी एवं वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद श्री राधेश्याम राठिया जी के मुख्य आतिथ्य में सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मंचासीन रहे।

विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। प्रधान पाठक श्रीमती रूबी दुबे एवं शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई सांस्कृतिक प्रदर्शनी का अतिथियों ने अवलोकन किया, जिसमें भारत की विविध संस्कृति, लोककला, परंपराएं और जीवनशैली की सुंदर झलक देखने को मिली। अतिथियों ने विद्यार्थियों की सृजनशीलता और मेहनत की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वेलकम डांस, बंगाली लोकनृत्य, कथक, सेमी-क्लासिकल नृत्य, मोबाइल के दुष्प्रभाव पर आधारित नाटक, संबलपुरी नृत्य, “साउंड्स ऑफ साउथ इंडिया” और “पश्चिम मेला” जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय फ्यूज़न नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समापन पर छत्तीसगढ़ी लोकगीतों एवं ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उल्लास से भर दिया।
अपने संबोधन में सांसद श्री राधेश्याम राठिया जी ने विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए विद्यालय की आवश्यकताओं के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अनिल सरकार, मंडल अध्यक्ष श्री भरत लाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अंत में श्री अतुल मिश्रा जी द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। घरघोड़ा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संतोष सिंह, प्राचार्य श्री संजय पंडा सहित डाइट व अन्य विद्यालयों से आए शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
इस प्रकार “समन्वय” और सामूहिक प्रयास की भावना को साकार करता यह भव्य आयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री हकीम उल्ला खान के कुशल नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ
Subscribe to my channel