आज धरमजयगढ़ में 18 पंचायतों के ग्रामीणों की विशाल रैली व आमसभा ,धरमजयगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित 18 कोल ब्लॉकों का विरोध,
1 min read
जंगल–जमीन की रक्षा और जंगली हाथियों की सुरक्षा को लेकर आज धरमजयगढ़ के क्लब ग्राउंड में 18 पंचायतों के ग्रामीणों की विशाल रैली और आमसभा आयोजित की जा रही है। इस रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी महिला–पुरुषों के शामिल होने की संभावना है। ग्रामीणों का कहना है कि धरमजयगढ़ वन मंडल जंगली हाथियों का प्रमुख क्षेत्र है, जहां साल भर हाथियों के झुंड विचरण करते हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में कोल ब्लॉकों की नीलामी से जंगल, पर्यावरण और स्थानीय जीवन पर गंभीर असर पड़ेगा। इसी कारण ग्रामीण लंबे समय से इन कोल ब्लॉकों को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरा क्षेत्र पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है और यहां छत्तीसगढ़ पेसा कानून लागू है। ग्रामसभा की अनुमति के बिना किसी भी तरह की खनन परियोजना या नीलामी को वे अवैध मानते हैं। रैली और आमसभा के माध्यम से ग्रामीण अपनी मांगों को प्रशासन और शासन तक पहुंचाएंगे।
रैली में आसपास की 18 पंचायतों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान वक्ता कोल ब्लॉकों के कारण संभावित विस्थापन, जंगलों की कटाई और हाथियों के प्राकृतिक आवास पर पड़ने वाले खतरे को लेकर अपनी बात रखेंगे। सभा के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जाने की भी तैयारी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा।
Subscribe to my channel