मैहर : रामनगर के भिटारी गांव निवासी वरिष्ठ पत्रकार राजमणि (मनी) पांडेय जी के इकलौते पुत्र उत्कर्ष का आज दोपहर नागपुर के एक अस्पताल में दुःखद निधन हो गया। कुछ दिन पूर्व अमरपाटन–गड़ौली मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में उत्कर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसे तत्काल न्यूरॉन हॉस्पिटल, नागपुर में भर्ती कराया गया।
उत्कर्ष कई दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करता रहा। चिकित्सकों द्वारा उसके चार बड़े ब्रेन ऑपरेशन किए गए, लेकिन वह होश में नहीं आ सका। परिजनों ने बेटे को बचाने के लिए अपनी पूरी जमा-पूंजी इलाज में लगा दी। वहीं क्षेत्रवासियों ने भी बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग किया और हर कोई उत्कर्ष के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता रहा।
मगर नियति के आगे सभी प्रयास असफल साबित हुए और लंबे इलाज के बावजूद उत्कर्ष ने जिंदगी की जंग हार दी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दे।