धरमजयगढ़ – ग्राम पंचायत शाहपुर के तराईमार गांव में आयोजित ग्रामसभा में एसईसीएल के प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकांश ग्रामीणों ने परियोजना का विरोध करते हुए इसे पूर्णतः अस्वीकार करने का निर्णय लिया। उनका कहना था कि कोयला परियोजना से खेती, जल–जंगल, आजीविका और ग्रामीण पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए बिना सुरक्षा और अधिकार गारंटी के, गांव किसी भी भूमि हस्तांतरण के पक्ष में नहीं है।
वहीं, ग्रामसभा में उपस्थित कुछ ग्रामीणों ने अलग राय रखते हुए कहा कि यदि उचित मुआवजा, नौकरी और व्यवस्थित पुनर्वास–विस्थापन की स्पष्ट गारंटी मिले, तो वे कंपनी के प्रस्ताव पर विचार करने के पक्ष में हो सकते हैं। इस पर ग्रामसभा ने कहा कि किसी भी निर्णय से पहले सभी शर्तों का पूरा विवरण, लिखित आश्वासन और कानूनी सुरक्षा आवश्यक होगी।
बैठक के दौरान संपत्ति कर, पेयजल, मनरेगा सड़क, राशन कार्ड , बिजली, रोजगार और विकास संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई तथा इनसे संबंधित प्रस्ताव ग्रामसभा द्वारा पारित किए गए।