धरमजयगढ़ – पुरुँगा कोल ब्लॉक से जुड़ी आगामी जनसुनवाई से पहले क्षेत्र में मतभेद उभरने लगे हैं। इसी क्रम में ग्रामीणों के अनुसार प्रभावित क्षेत्र से बाहर के कुछ कथित समर्थकों द्वारा दिए गए आवेदन को “भ्रामक एवं असामाजिक तत्वों का षड्यंत्र” बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की है।
शुक्रवार को धरमजयगढ़ अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) के नाम सौंपे गए एक आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खदान प्रस्तावित क्षेत्र के कुछ गांवों के युवकों को रोजगार का प्रलोभन देकर प्रभावित क्षेत्र के कथित समर्थकों ने उनसे हस्ताक्षर कराए और उनके नाम से आवेदन प्रशासन को सौंपा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह आवेदन आगामी जनसुनवाई से पूर्व जनमत को भ्रमित करने और प्रभावित ग्रामों की एकजुटता कमजोर करने का प्रयास है। ग्रामीणों ने बताया कि पुरुँगा, साम्हारसिंघा, तेंदुमुड़ी और बरतापाली ग्राम पंचायतों के नागरिकों ने संयुक्त बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों द्वारा सौंपे गए आवेदन को निरस्त किया जाए।