रायगढ़ में ‘अग्निवीर’ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, एसपी दिव्यांग पटेल ने बढ़ाया अभ्यर्थियों का उत्साह
1 min read
रायगढ़ में ‘अग्निवीर’ प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, एसपी दिव्यांग पटेल ने बढ़ाया अभ्यर्थियों का उत्साह
“सेना में चयन गर्व की बात, लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें” — एसपी दिव्यांग पटेल

रायगढ़, 28 अक्टूबर 2025।
शासन की महत्वाकांक्षी “अग्निवीर योजना” के तहत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए जिले में विशेष प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा उर्दना पुलिस लाइन परिसर में आयोजित किया जा रहा है।
आज दिनांक 28 अक्टूबर 2025 को पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रायगढ़ सहित जिले के विभिन्न तहसीलों से आए अभ्यर्थियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें उत्साहपूर्वक संबोधित किया।
एसपी श्री पटेल ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित शिविर में 50 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से 15 अभ्यर्थियों का चयन भारतीय सेना में हुआ था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष और अधिक अभ्यर्थियों के चयन की उम्मीद है तथा इसके लिए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

🔹 एसपी पटेल का संदेश
अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए एसपी श्री दिव्यांग पटेल ने कहा —
“सेना में चयन किसी भी युवक के लिए गर्व की बात है। यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि देशसेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। आप सभी इस प्रशिक्षण शिविर का अधिकतम लाभ लें — यह न केवल ‘अग्निवीर’ योजना बल्कि अन्य भर्ती परीक्षाओं के लिए भी सहायक सिद्ध होगा।”
उन्होंने यह भी अपील की कि जिन युवाओं के परिचित अभ्यर्थी इस योजना के तहत लिखित परीक्षा में सफल हुए हैं, वे भी इस शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

🔹 प्रशिक्षण और सुविधाएँ
शिविर में प्रतिभागियों के निवास और भोजन की संपूर्ण व्यवस्था जिला पुलिस द्वारा की गई है, ताकि वे निश्चिंत होकर अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
शुभारंभ अवसर पर एसपी श्री दिव्यांग पटेल एवं डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्मा ने अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण किट वितरित की, जिसमें ट्रैक सूट, जूते और आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री शामिल थी।
यह प्रशिक्षण शिविर 45 दिनों तक संचालित होगा। वर्तमान में 45 अभ्यर्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण का संचालन रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह, लाइन अधिकारी मनीराम सोनवानी, प्लाटून कमांडर उज्याला सिन्हा, प्रशिक्षक प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय एवं सैनिक दुर्गा लकड़ा द्वारा किया जा रहा है।
🔹 प्रशिक्षण कार्यक्रम
शिविर में प्रतिदिन निम्न सत्र आयोजित होंगे —
फिटनेस ड्रिल और सुबह की दौड़
बाधा पार एवं शारीरिक दक्षता अभ्यास
मोटिवेशनल और अनुशासनात्मक सत्र
आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता बढ़ाने के अभ्यास
इस प्रशिक्षण के माध्यम से अभ्यर्थियों को भारतीय सेना की चयन प्रक्रिया में सफल होने हेतु आवश्यक शारीरिक, मानसिक और नैतिक तैयारी प्रदान की जा रही है।
Subscribe to my channel