रायगढ़, 18 सितम्बर 2025। लोहागेरा–सिरकी मार्ग के बीच स्थित डंगबोरा नाला पर पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर सिरकी ग्रामवासी आज संगठित होकर आगे आए। ग्रामीणों ने सांसद श्री राधेश्याम राठिया से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी।
सांसद ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ग्रामीण यांत्रिकी विभाग (आरईएस) के जिला अधिकारी से फोन पर चर्चा की और शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में डंगबोरा नाला उफान पर आ जाता है, जिससे सिरकी गाँव पूरी तरह से कट जाता है। इस कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और आम लोगों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पुल निर्माण होने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक भी आसानी से पहुंच बनाई जा सकेगी।
इस मौके पर ज्ञापन सौंपने वालों में सीताराम राठिया, तालिब खान (अल्पसंख्यक जिला मंत्री), मंगल राठिया, विजय राठिया, सुलेमान खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सांसद के त्वरित और सकारात्मक रवैये से सिरकीवासियों में खुशी और उम्मीद की नई लहर दौड़ गई है।