धनपुरी गांव में हाथी का उत्पात, घर उजड़ा – गांव में दहशत
धरमजयगढ़। बीती रात धनपुरी गांव में हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। आधी रात गड़गड़ाहट की आवाज़ से नींद खुली तो ग्रामीणों ने देखा कि हाथी बुधनाथ मांझी के घर को तोड़ रहा है।
हाथी ने दीवारें ध्वस्त कर दीं, बांस-खपरे की छत गिरा दी और घर में रखा सारा धान खा गया। सौभाग्य से परिवार पहले ही घर छोड़कर बाहर निकल चुका था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही बीडीसी जनकराम राठिया और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बीट गार्ड समीर तिर्की ने बताया कि घटना रात करीब 1:30 बजे की है। टीम ने मुआयना कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोगों से अपील की गई है कि हाथी की गतिविधि दिखते ही तत्काल सूचना दें।