आम आदमी पार्टी ने शहीद दिवस मनाया
1 min read
सतना, 23 मार्च 2025 – आम आदमी पार्टी, सतना ने आज़ादी के महानायक शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की पुण्यतिथि पर शहीद दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। यह कार्यक्रम जिला कार्यालय, सतना (कलकत्ता नर्सरी के पास) में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओ ने भाग लिया।
श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने मौन रखकर शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आम आदमी पार्टी, सतना के जिलाध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने कहा “भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने अपने प्राणों की आहुति देकर स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। आज हमें उनके विचारों को आत्मसात करने और उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए एकजुट होने की आवश्यकता है।”
सभा में विभिन्न विंग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। ट्रेड विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें यह सिखाता है कि अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा आवाज़ उठानी चाहिए। आर.टी.आई. विंग के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत पांडे ने पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि देश को उनके विचारों के अनुरूप दिशा में ले जाने की जरूरत है।
महिला विंग की प्रदेश संयुक्त सचिव सीता सिंह ने महिलाओं की समान भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि शहीदों के सपनों के भारत में महिलाओं की सशक्त भूमिका सुनिश्चित करनी होगी। ओ.बी.सी. विंग के जिला अध्यक्ष इंजी. नरेंद्र कनौजिया ने सामाजिक समानता की आवश्यकता पर बल दिया, वहीं ओ.बी.सी. विंग के जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण मल्लाह ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भगत सिंह की विचारधारा को अपनाकर समाज में बदलाव लाया जा सकता है।
जिला कार्यालय प्रभारी बीरेंद्र सहाय सक्सेना* ने संगठन की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि हमें जनसेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। इंटलेक्चुअल विंग के जिलाध्यक्ष डॉ. मदन कुशवाहा ने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए शिक्षा और बौद्धिक जागरूकता महत्वपूर्ण है। एस.सी. विंग के जिला संयुक्त सचिव शिव नारायण दाहिया ने सामाजिक न्याय और समरसता पर जोर देते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान तभी सार्थक होगा जब हर वर्ग को समान अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने “शहीदों के सपनों का भारत बनाने” का संकल्प लिया। राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का पालन करने, भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ खड़े होने और समाज में समानता, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का प्रण लिया गया।
Subscribe to my channel